मंडी अटेली। नारनौल-रेवाड़ी रेलवे लाइन दोहरीकरण कार्य के साथ अटेली पुरानी मंडी अंडरपास नंबर 127 (29सी) को ऊंचा उठाने के लिए केंद्रीय रेलमंत्री व महाप्रबंधक रेलवे डिवीजन के नाम समाजसेवी अतरलाल ने ज्ञापन भेजा है।
ज्ञापन में बताया कि नारनौल-रेवाड़ी रेलवे लाइन दोहरीकरण कार्य के लिए पुरानी मंडी अंडरपास पर 40 दिन के लिए आवागमन पुरी तरह से बंद कर दिया गया है। इसके कारण लोगों को सरकारी अस्पताल, नगरपालिका तथा पुरानी मंडी जाने के लिए चार किलोमीटर का चक्कर काटना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि उक्त अंडरपास नीचा होने के कारण पुरानी मंडी के दुकानदार, व्यापारियों तथा आमजन को बहुत नुकसान तथा परेशानी उठानी पड़ रही है। दोहरीकरण के लिए 650 करोड़ रुपए का बजट मंजूर किया हुआ है। इसलिए इस दोहरीकरण कार्य के साथ अंडरपास को ऊंचा उठाने का कार्य भी किया जाए।