नारनौल। पूर्व विधायक एवं पूर्व सिंचाई मंत्री अभय सिंह यादव ने नांगल चौधरी हलके के 24 से अधिक गांवों में बने पक्के जल भंडारों को मौजूदा नहर की पारी में भरने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सर्दियों में कई गांवों तक नहर का पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पाता। ऐसे में इन भंडारों में पानी जमा होने से सरसों की फसल की सिंचाई में किसानों को मदद मिलेगी।
यादव ने बताया कि पिछले वर्ष जिन गांवों के जल भंडार भरे गए थे, वहां किसानों को अतिरिक्त सिंचाई सुविधा मिली। करीब चार एकड़ क्षेत्र में बने 15 फुट गहरे जल भंडार से एक गांव में लगभग 400 एकड़ जमीन की सिंचाई हुई। उन्होंने कहा कि जिन गांवों में पिछले साल काम पूरा नहीं होने से पानी नहीं भर पाया था, वहां इस बार व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने नांगल पीपा, बलाह कलां, बसीरपुर, नारेड़ी, निजामपुर, छीलरो, धनोता, ढाणी बिशना, ढाणी सैनियान और गोठड़ी के जल भंडारों का उल्लेख किया। निजामपुर में पानी नहीं पहुंचने से मौखुता और ब्राह्मणवास के जोहड़ भी सूखे हैं। उन्होंने इन्हें भरने की मांग की।
यादव ने बताया कि आकोली, रामबास, दोंगली, ईकबालपुर नंगली और बिगोपुर में छोटे जल भंडार बनाए गए हैं, लेकिन किसानों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा। उन्होंने विभाग, सरपंचों और ग्रामीणों से मिलकर जल भंडार भरवाने की अपील की।