10सीटीके43-एमडीयू में कुलसचिव को ज्ञापन सौंपते शहीद भगत सिंह छात्र संगठन के सदस्य। स्रोत:संगठन
रोहतक। शहीद भगत सिंह छात्र संगठन ने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) में सोमवार को कुलसचिव के समक्ष ज्ञापन सौंपा। संगठन ने विश्वविद्यालय में छात्रों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर आवाज उठाई। संगठन अध्यक्ष प्रदीप मोटा ने कुलसचिव से मांग की कि पीएचडी कर रहे बेरोजगार छात्रों को विभाग के अंदर सहायक शिक्षक के रूप में रखा जाए या सेल्फ फाइनेंस स्कीम के तहत उन्हें विश्वविद्यालय में पढ़ाने का मौका दिया जाए। एमडीयू में शिक्षक और गैर-शिक्षक कर्मचारियों के खाली पदों को भरने की मांग की गई, जो काफी समय से रिक्त पड़े हैं। सरकार की ओर से लागू की गई नई शिक्षा नीति (एनईपी) के कारण मध्य और गरीब वर्ग के छात्रों को अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जिसका सीधा प्रभाव उनकी शिक्षा पर पड़ रहा है। एमडीयू के पास खाली पड़ी जमीन का उपयोग करने और वहां एक कॉलेज खोलने का सुझाव दिया गया, जिससे छात्रों को रोजगार भी मिलेगा और दाखिला नहीं मिलने वाले छात्रों को भी अवसर मिलेगा।