फोटो संख्या:54- सब्जी मंडी में स्थित दुकान में रखी हरी मिर्च--संवाद
महेंद्रगढ़। शहर की सब्जी मंडी में इन दिनों हरी मिर्च की मांग बनी हुई है। मंडी में राजस्थान से रोजाना करीब 5 क्विंटल हरी मिर्च पहुंच रही है, जबकि बाजार में करीब 3 क्विंटल प्रतिदिन खपत बताई जा रही है। वर्तमान में खुदरा बाजार में हरी मिर्च करीब 60 रुपये प्रति किलो बिक रही है।
दुकानदार प्रवीण सैनी ने बताया कि घरों में रोज बनने वाली विभिन्न सब्जियों के अलावा होटल और ढाबों में भी हरी मिर्च की मांग रहती है। इसी कारण व्यापारी नियमित रूप से इसकी खरीद कर रहे हैं। मंडी में आने वाली मिर्च को गुणवत्ता और मांग के अनुसार अलग-अलग दुकानों तक पहुंचाया जाता है।
व्यापारियों के अनुसार आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी लोग मंडी में हरी मिर्च खरीदने पहुंच रहे हैं। फिलहाल राजस्थान से हो रही आपूर्ति से बाजार में उपलब्धता बनी हुई है। व्यापारियों का कहना है कि यदि स्थानीय स्तर पर हरी मिर्च की आवक शुरू होती है तो आने वाले दिनों में इसके भाव कम हो सकते हैं।