अटेली उपमंडल बनाने को लेकर अटेली विधायक सीताराम यादव ने कहा कि अटेली उपमंडल बनने के सभी नार्म्स पूरे है। जल्द ही अटेली को उपमंडल का दर्जा दिया जाएगा। यादव अटेली व्यापारियों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहरलाल के सामने उपमंडल की मांग रख चुके हैं। मुख्यमंत्री ने उन्हें जल्द उपमंडल बनाने का आश्वासन दिया हुआ है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र में वे सवाल रखेंगे कि अटेली को उपमंडल बनाया जा रहा है या नहीं। यदि बनाया जा रहा है तो कब तक। इसका जवाब आपको जल्द मिल जाएगा। मुख्यमंत्री के सामने उपमंडल वाली मांग वे काफी बार रख चुके हैं। मुख्यमंत्री अटेली को उपमंडल बनाने के लिए आश्वस्त कर चुके है। उनकी अटेली को उपमंडल बनाने की पहली प्राथमिकता है। विधायक के आश्वासन के बाद उपमंडल की आवाज उठाने वाले क्षेत्र के लोग विधायक की बातों से संतुष्ट नजर आए। इसके बाद पुराने बस स्टैंड पर 14 फरवरी को दिया जा रहा धरना प्रदर्शन स्थगित कर दिया।
अधिवक्ताओं का धरना रहा जारी
वही अधिवक्ता एसोसिएशन ने तहसील में उपमंडल की मांग को लेकर शुरू किया गया धरना दूसरे दिन भी जारी रखा। एसोसिएशन का कहना है कि जब तक उपमंडल बनाने का ठोस आश्वासन नहीं मिल जाता तब तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।
अधिवक्ता नरेंद्र सिंह ने बताया कि धरना लगातार जारी रहेगा। 17 फरवरी को एक बजे एसोसिएशन की अटेली तहसील परिसर में बैठक होगी। बैठक में आंदोलन की आगे की रणनीति तय की जाएगी। अधिवक्ता कुलदीप शर्मा ने बताया कि उपमंडल बनाने के लिए आंदोलन गांव स्तर तक पहुंचाने के लिए बुधवार को संघर्ष समिति बनाई जाएगी जो आंदोलन को तेज करने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा में अगर कोई पहली उप तहसील बनी थी तो वह अटेली थी जो 1992 में बनाई गई थी। लेकिन अटेली को आज तक उपमंडल नहीं बनाया गया है। उन्होंने कहा कि हक मांगने से मिलते है। अटेली उपमंडल बने यह हमारा हक है इसे लेकर रहेंगे। धरना प्रदर्शन में अजय सिंह यादव, कुलदीप यादव, एडवोकेट नरेंद्र सिंह, एडवोकेट नरदेव सिंह, एडवोकेट हरेंद्र लांबा, एडवोकेट रामकिशन, विक्रम सिंह, सिद्धांत वशिष्ठ, कंवरपाल, नीरज भारद्धाज, कुलदीप शर्मा, ब्रह्मप्रकाश, दिनेश कुमार, खुशवंत सिंह, भगवान सिंह व तेजपाल यादव आदि लोग शामिल रहे।