सिहमा। देवउठनी एकादशी के साथ ही विवाह सीजन की शुरुआत हो गई। इसके साथ ही बाजारों में रौनक लौट आई है। शादियों में तेज आवाज में डीजे बजने से लोगों को परेशानी होगी। इसको देखते हुए लोगों ने ध्वनि प्रदूषण पर कार्रवाई करने की मांग की है।
लगन में हलवाई, बैंड-बाजा, डीजे, फूल-माला, कार सजावट और दूल्हा-दुल्हन मेकअप से जुड़े कारोबारी पूरे उत्साह से जुटे हैं। शादियों में कई जगहों पर डीजे संचालक सुरक्षा नियमों की खुलेआम अनदेखी करते हैं।
भीड़ में ध्वनि सीमा से कई गुना अधिक आवाज में गाने बजाना आम बात हो गई है। विवाह की संख्या अधिक होने के कारण देर रात तक डीजे बजने से आम नागरिकों की नींद हराम हो रही है। कई लोग रातभर शोर-शराबे के कारण परेशान रहते हैं, जिससे छात्रों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को भारी दिक्कत होती है। लगातार तेज आवाज वाले गानों से बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। लोगों ने अपील की है कि प्रशासन इस पर सख्त कार्रवाई करे, ताकि विवाह की खुशियां किसी की परेशानी का कारण न बने।
फैजाबाद चौकी इंचार्ज एसआई नवीन कुमार ने कहा कि अभी विवाह शादी का सीजन शुरू हुआ है तथा कोर्ट के आदेशों की पालना की जाएगी। अगर किसी भी समारोह स्थल या विवाह शादी में 10 बजे के बाद में डीजे बजाते या नियमों का उल्लंघन करते पाए गए तो समारोह स्थल संचालक व विवाह शादी करने वालों पर उचित कार्रवाई की जाएगी।