नांगल चौधरी। प्रसव पीड़ा तेज होने पर राजस्थान की एक महिला ने यहां चलती गाड़ी में ही बच्चे को जन्म दे दिया। बाद में परिजनों ने महिला को तुरंत नांगल चौधरी सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां जच्चा-बच्चा स्वस्थ हैं।
जानकारी के मुताबिक राजस्थान के जमालपुर निवासी रोशन देवी पत्नि जितेंद्र को सुबह 7.30 बजे प्रसव पीड़ा हुई थी। 8.30 बजे नांगल चौधरी पहुंचे, इसी दौरान पीड़ा तेज हो गई। बहरोड़ मोड़ के नजदीक बच्चे को जन्म दिया।
जिससे घबराए परिजनों ने गाड़ी को वापस घुमाया। उन्होंने नांगल चौधरी सीएचसी में जच्चा-बच्चा को एडमिट करवाया। जांच रिपोर्ट ओके मिलने पर चिकित्सकों ने जच्चा-बच्चा को सामान्य वार्ड में शिफ्ट कर दिया। महिला के पति जितेंद्र ने बताया कि जमालपुर के नजदीक बसई में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र है। लेकिन केंद्र में एंबुलेंस व अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं। जिस कारण उन्होंने कोटपूतली अस्पताल में डिलीवरी करवाना उचित समझा। निजी वाहन में कोटपूतली लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में प्रसव हो गया।
जच्चा-बच्चा स्वस्थ्य, आज मिलेगी छुट्टी
सीएचसी के इंचार्ज डॉ. अविनाश पूनिया ने बताया कि जच्चा रोशन देवी ने चलती गाड़ी में बच्चे को जन्म दिया है। सीएचसी में भर्ती करवाने के बाद बच्चा व जच्चा के विभिन्न चेकअप किए हैं। रिपोर्ट संतोषजनक है। गुरुवार को उन्हें डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।