ग्रामीण इलाकों में इस्तेमाल में नहीं आने वाले कुएं लोगों के लिए काल बनते जा रहे हैं। शनिवार को दो गांवों में दो युवकों की कुएं में गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने शवों का नारनौल सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
गांव बिहाली निवासी धर्मेंद्र उर्फ धोलिया (28) की कांटी गांव में स्थित बाबा नृसिंह दास मंदिर के समीप बने कुएं में गिरने से मौत हो गई। धर्मेंद्र शुक्रवार सायं घर से गांव कांटी गया था। सुबह होने पर राहगीरों ने कुएं से आदमी की आवाज सुनी। ग्रामीणों ने लोरिंग मशीन की सहायता से धर्मेंद्र को घायल अवस्था में कुएं से बाहर निकाला। परिजन उसे उपचार के लिए बहरोड़ स्थित कैलाश अस्पताल लेकर गए। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरा हादसा गांव राजपुरा के उजड़े कुएं में हुआ। इसमें इसी गांव के निवासी रविंद्र (27) का शव बरामद किया गया। बताया जाता है रविंद्र 12 जनवरी से लापता था। शनिवार सुबह जब कुएं से दुर्गंध आने लगी तो ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना देकर शव बाहर निकाला। पुलिस ने दोनों ही शवों का नारनौल सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।