नारनौल। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 30 जून कर दी गई है। राजकीय महिला महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आरपी सिंह ने बताया कि तिथि बढ़ने से बीए ऑनर्स (अंग्रेजी) तथा बीएससी ऑनर्स (गणित) पाठ्यक्रमों में आवेदन प्रक्रिया को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि आवेदन प्रक्रिया देरी से शुरू होने के कारण छात्राएं असमंजस में थीं, लेकिन अब उन्हें अतिरिक्त समय मिल गया है, जिसका उन्हें लाभ उठाना चाहिए। इससे उन छात्राओं को राहत मिलेगी जो किसी कारणवश अब तक पंजीकरण नहीं करवा सकी हैं।
प्राचार्य डॉ. सिंह ने बताया कि संशोधित प्रवेश कार्यक्रम शीघ्र ही विभाग द्वारा जारी किया जाएगा। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना पंजीकरण अवश्य पूरा करें, ताकि प्रवेश प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
विज्ञापन
उन्होंने यह भी बताया कि नई शिक्षा नीति के तहत विद्यार्थियों को मल्टीपल एंट्री एवं एग्जिट की सुविधा मिलेगी।