जवाहर लाल नेहरू कनाल में युवक को तलाशती एनडीआरएफ की टीम।
कनीना। गांव धनौंदा स्थित जवाहर लाल नेहरू कनाल में तीसरे दिन युवक का शव मिल गया। युवक की तलाश में पुलिस ने तीन दिन तक सर्च अभियान चलाया। सोमवार को दोपहर बाद गांव धनौंदा निवासी एक युवक के नहर में डूबने की आशंका जताई गई थी। उसके बाद मंगलवार को एनडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर नहर में दो दिन सर्च अभियान चलाया। पिछले तीन दिनों से एसडीएम सुरेंद्र सिंह, डीएसपी मोहम्मद जमाल, तहसीलदार ब्रह्मप्रकाश, नायब तहसीलदार हरिओम व शहर थाना प्रभारी कमलदीप सिंह मौके पर डटे हुए थे। तीन दिनों से सतेंद्र के बारे में कोई सुराग न लगने पर एसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दो टीमों का गठन किया था।
शहर थाना प्रभारी कमलदीप सिंह ने बताया कि उनके पास सोमवार को दोपहर करीब एक बजे सूचना आई थी। सूचना के बाद मौके पर जाकर देखा तो नहर के साथ एक बाइक खड़ी हुई थी, जिस पर उल्टी भी पड़ी हुई थी। सिपाही युद्धवीर को बुलाकर व एनडीआरएफ की टीम के माध्यम से पूरी नहर की जांच करवा ली गई है। युवक के मोबाइल के आधार पर भी करीब 10 लोगों से बातचीत की गई, जिसमें युवक ने सभी को अपना किसी नौकरी में चयन होने के बारे में बताया हुआ है। नौकरी में चयन होने पर युवक की ओर से 18 अक्तूबर को सभी को पार्टी देने की बात भी कही गई थी। उन्होंने बताया कि युवक के परिजनों से लगातार संपर्क कर मामले की हर दृष्टि से जांच की जा रही है। हालांकि युवक का किसी भी नौकरी में चयन को लेकर अभी तक कोई दस्तावेज सामने नहीं आया है। युवक की तलाश को लेकर सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की गई।