नारनौल। उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नीरपुर की मुखिया व भौतिकी विषय के प्रवक्ता पर कार्रवाई की सिफारिश की है। इसके लिए डीसी ने हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को पत्र लिखा है।
पत्र में कहा गया है कि गत दिवस राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नीरपुर के बच्चों द्वारा एक राजनीतिक दल विशेष के लिए वोट की अपील बारे में जिला प्रशासन को शिकायत मिली थी। इस पर संज्ञान लेते हुए उपायुक्त ने नारनौल विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के सहायक रिटर्निंग अधिकारी को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके साथ ही शिकायत निवारण के नोडल अधिकारी एवं जिला समाज कल्याण अधिकारी को कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया। सहायक रिटर्निंग अधिकारी की जांच रिपोर्ट के आधार पर विद्यालय मुखिया नीतू व प्रवक्ता भौतिकी कुलदीप शर्मा द्वारा आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन पाया गया। डीसी ने जांच रिपोर्ट के आधार पर दोनों के विरुद्ध संबंधित विभाग द्वारा अनुशासनिक कार्रवाई के लिए हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को सिफारिश भेजी है।