नारनौल। जिला महेंद्रगढ़ में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लेने के लिए बुधवार को उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी बड़े निर्माणाधीन प्रोजेक्ट की विस्तार से समीक्षा की और काम में और अधिक तेजी लाने के निर्देश दिए। डीसी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परियोजनाओं को जल्द पूरा करने के साथ-साथ उनकी गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा और इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस बैठक में सीएमओ डॉ. अशोक कुमार, सिंचाई विभाग एसई राजेश खत्री, जन स्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन प्रदीप कुमार, डीडीए देवेंद्र सिंह तथा एसडीओ जितेंद्र कुमार के अलावा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।