महेंद्रगढ़। शहर के एकमात्र पार्क में भी जिम्मेदार एक माह के समय में बिजली कनेक्शन शुरू नहीं करा पाए। एक माह पूर्व बिजली निगम की ओर से चार लाख रुपये का बिल बकाया होने के कारण पार्क का कनेक्शन काट दिया था। कनेक्शन कटने के बाद जिम्मेदारों ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जिसके कारण प्रतिदिन पार्क में आने वाले दो हजार से अधिक लोगों को परेशानियां का सामना करना पड़ रहा है।
पार्क में शाम सुबह सैर के लिए आने वाले लोगों को अब बस स्टैंड की लाइटों का सहारा है। पार्क में पिछले एक माह से बिजली नहीं है ऐसे में सैर के लिए शाम के समय आने वाले लोक या तो मोबाइल की टॉर्च ऑन करके घूमते हैं या फिर उस हिस्से में सैर करते हैं जहां बस स्टैंड पर लगी लाइटों से रोशनी पहुंच रही है।
नियमित रूप से नहीं हो रही पार्क की देखभाल
गत वर्ष अप्रैल माह में हुड्डा पार्क के रखरखाव का टेंडर समाप्त हो गया था। करीब नौ माह तक हुड्डा पार्क में रखरखाव का टेंडर समाप्त रहा था। गत दिसंबर माह में 16 लाख रुपये का टेंडर लगाया गया था। इसके अलावा पार्क में डेढ़ साल से बड़ा फव्वारा, दो छोटे फव्वारे, हाई मास्क लाइट खराब, पार्क के पीछे जाली टूटी पड़ी है, झूले टूटे, कुर्सियां टूटी हुई, गंदगी के ढेर लगे हुए है। पार्क के गेट पर बने कमरे में बनाया गया शौचालय व बाथरूम में कर्मचारियों का सामान व कबाड़ भरा पड़ा है।
नपा की ओर से बिजली निगम को बिल की राशि का चैक बनाकर भेजा गया था। निगम ने चैक के माध्यम से बिल की पेमेंट करने से इंकार कर दिया। इसके बाद नपा की ओर से अब अन्य माध्यम से बिजली बिल का भुगतान कर पार्क का कनेक्शन पुन: शुरू कराने की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही राशि जमा कर कनेक्शन को शुरू कराया जाएगा।
रमेश सैनी, प्रधान नगरपालिका महेंद्रगढ़।