नई दिल्ली। विश्वविद्यालयों में स्नातक दाखिले की सीयूईटी यूजी मई 2026 में होगी। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने परीक्षा का शेड्यूल और सिलेबस जारी कर दिया है। यह परीक्षा भारत समेत विदेश में 13 भारतीय भाषाओं में होगी।
उम्मीदवारों से 10 कक्षा के सर्टिफिकेट, जन्मतिथि, पता, अभिभावकों के ब्योरा तैयार रखने को कहा गया है। ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी।
एनटीए ने मंगलवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी की। इसके मुताबिक अगले साल मई में होने वाली सीयूईटी के लिए ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। विभिन्न बोर्ड परीक्षाओं के शेड्यूल को ध्यान में रखते हुए सीयूईटी यूजी की तारीख बाद में घोषित की जाएगी।
दाखिले के मानक खुद तय कर सकेंगे विश्वविद्यालय
इस परीक्षा में सिर्फ 23 विषय रह गए हैं। एंटरप्रेन्योरशिप, टीचिंग एप्टीटयूड, फैशन स्ट्डीज, टूरिज्म, लीगल स्ट्डीज व इंजीनियरिंग ग्राफिक विषयों को हटा दिया था। इन विषयों में दाखिले के लिए विभिन्न विश्वविद्यालयों को जनरल एप्टीट्यूट टेस्ट की मेरिट के आधार पर दाखिला देना होगा। विश्वविद्यालय दाखिले के लिए अपनी मर्जी से खुद मानक या विषयों का चयन या बदलाव कर सकते हैं।
गलत उत्तर पर कटेंगे अंक
इस परीक्षा में किसी भी पेपर के सेक्शन में विकल्प नहीं होगा। सभी पेपर में 50 प्रश्न पूछे जाएंगे। इन सबके उत्तर देने अनिवार्य रहेंगे। यदि कोई छात्र गलत उत्तर लिखता है तो उसके अंक कटेंगे। सही उत्तर देने पर पांच अंक मिलेंगे और गलत पर एक अंक कट जाएगा। पेपर 250 अंक का रहेगा। प्रश्न पत्र 12वीं कक्षा के एनसीईआरटी पाठ्यक्रम पर आधारित रहेंगे। सभी पेपर में एक घंटे का समय मिलेगा।
इस साल सिर्फ 13 भाषा में पेपर
इस साल परीक्षा में सिर्फ 13 लैंग्वेज पेपर रह गए हैं। इसमें तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम, मराठी, गुजराती, उड़िया, बांग्ला, असमिया, पंजाबी, अंग्रेजी, हिन्दी, उर्दू में ही पेपर होंगे। इन्हीं भाषाओं में छात्रों को परीक्षा लिखने का मौका मिलेगा। परीक्षा में कुछ बदलाव भी होंगे। यदि कोई छात्र बीए पंजाबी की पढ़ाई करना चाहे तो उसे पंजाबी भाषा की परीक्षा देनी अनिवार्य होगी।