गांव गनियार निवासी सीआरपीएफ के हेड कांस्टेबल की जम्मू कश्मीर में शुक्रवार को हृदय घात से मौत हो गई। गांव में शनिवार को उनके शव का अंतिम संस्कार किया गया। सीआरपीएफ की टीम और हरियाणा पुलिस के जवानों ने संयुक्त रूप से सलामी दी। मुखाग्नि बेटे संजय ने दी।
गांव गनियार निवासी रामेश्वर दयाल (50) जो सीआरपीएफ की 23 बटालियन में जम्मू कश्मीर में अपनी ड्यूटी पर तैनात थे। शुक्रवार को ट्रेनिंग कैप से गश्त के दौरान बाहर निकले थे कि उदयपुर के पास उसके छाती में दर्द हुआ। उन्हें आर्मी अस्पताल में भर्ती करवाया गया लेकिन उपचार के दौरान मौत हो गई।
हेड कांस्टेबल का पार्थिव शरीर शनिवार सुबह गांव में पहुंचा तो गांव व परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। उसके साथ आए एएसआई अनिल कुमार, डीके दूबे, जवान रामकरण, हरदयाल, इंद्रजीत, धर्मचंद, प्रकाश, सोनू राम पुष्पेंद्र व हरियाणा पुलिस के एस आई सतीश व हवलदार अनिल ने जवान को सलामी दी। रामेश्वर दयाल मिलनसार व्यक्ति थे। ग्रामीणों को उनके जाने का गम है। गांव के निवासी अरविंद, मुकेश, राम किशन, तेजप्रकाश सहित अनेक लोगों ने शव पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।