मंडी अटेली। सीआरपीएफ के जवान की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। उनका अंतिम संस्कार पैतृक गांव राता कला में सैन्य सम्मान के साथ बुधवार को किया गया।
गांव राता कला निवासी मनमीत 27 वर्षीय अपने परिवार के साथ नारनौल शहर में कई साल से रह रहे थे। बीते कुछ दिनों पहले वह छुट्टी पर आए थे। इस दौरान अपने दो अन्य साथियों के साथ मंगलवार को निजी वाहन से भ्रमण करने जा रहे थे तभी पानीपत बाईपास पर उनकी गाड़ी अज्ञात वाहन से टकरा गई। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने इसकी सूचना सीआरपीएफ के अधिकारियों को दी। सीआरपीएफ के जवानों ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी। राता कलां में बुधवार को सैनिक सम्मान से अंतिम संस्कार किया गया।
मनमीत के पिता कृष्ण कुमार भी सीआरपीएफ में कार्यरत थे। लगभग 5 साल पहले उनकी मृत्यु भी सड़क दुर्घटना में हुई थी। उसके स्थान पर मनमीत को सेना में भर्ती किया गया था। 8 माह पहले ही मनमीत की शादी हुई थी। इस दर्दनाक घटना से गांव का माहौल गमगीन बना हुआ है।