फोटो नंबर-17नागरिक अस्पताल में स्थापित की गई एमआरआई मशीन। । संवाद
नारनौल। जिले के मरीजों को एमआरआई जांच के लिए अब दूसरे शहरों के चक्कर लगाने से जल्द राहत मिलेगी। जिला नागरिक अस्पताल में करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से मंगवाई गई एमआरआई मशीन स्थापित कर दी गई है।
पुराने आपातकालीन वार्ड की जगह तैयार किए गए विशेष कक्ष में मशीन लगाने का काम पूरा हो चुका है। अब कंपनी के इंजीनियर मशीन का तकनीकी परीक्षण करेंगे। इसके बाद संचालन से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी होने पर अस्पताल में मरीजों की जांच शुरू की जा सकेगी।
यह सुविधा स्वास्थ्य मंत्री आरती राव के प्रयासों से मिली है। दो सप्ताह पहले विदेश से मंगवाई गई मशीन बड़े कंटेनर में अस्पताल पहुंची थी। मशीन चलाने के लिए अस्पताल परिसर में बड़ा जनरेटर भी लगाया गया है, ताकि बिजली की दिक्कत न आए।
पीपीपी के तहत चलेगी मशीन
अस्पताल में लगी यह मशीन सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) के तहत चलाई जाएगी। बताया गया है कि मशीन चाइना मेड एवं यूनाइटेड कंपनी की है। फिलहाल कंपनी के इंजीनियर मशीन की तकनीकी जांच और संचालन की प्रक्रिया पूरी करेंगे। जांच शुरू होने के बाद मरीजों से ली जाने वाली फीस और दूसरी शर्तें पीपीपी समझौते के अनुसार तय होंगी।
अब तक बाहर जाना पड़ता था
जिले के किसी भी सरकारी अस्पताल में अब तक एमआरआई जांच की सुविधा नहीं थी। इस वजह से मरीजों को जांच के लिए रेवाड़ी, गुरुग्राम और रोहतक जाना पड़ता था। इससे मरीजों और उनके परिजनों का समय और पैसा दोनों खर्च होता था। अब यह सुविधा शुरू होने पर जिले के मरीजों को अपने ही शहर में जांच मिल सकेगी।
वर्जन
एमआरआई मशीन नागरिक अस्पताल के तय कक्ष में स्थापित कर दी गई है। अब कंपनी के इंजीनियर मशीन की तकनीकी जांच और संचालन से जुड़ी प्रक्रिया पूरी करेंगे। इसके बाद मरीजों को जिला नागरिक अस्पताल में ही एमआरआई जांच की सुविधा मिलने लगेगी। इस मशीन के शुरू होने से जिले के लोगों को काफी फायदा मिलेगा।-डॉ. अशोक कुमार, सिविल सर्जन, नागरिक अस्पताल नारनौल।