महेंद्रगढ़। शहर में अब लोगों को साफ और पर्याप्त मात्रा में पीने का पानी मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने 15 करोड़ रुपये से नई पेयजल पाइप लाइनें बिछाने का काम शुरू कर दिया है। इस पूरे प्रोजेक्ट को मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
शहर में पुरानी पाइप लाइनों की हालत खराब हो चुकी है। कई जगह पाइप जंग खा गए हैं और जगह-जगह लीकेज की समस्या बनी हुई है। इसके कारण लोगों के घरों तक गंदा और कम पानी पहुंच रहा है। कुछ इलाकों में पानी की भारी कमी है जबकि कुछ जगह जरूरत से ज्यादा पानी सप्लाई हो रहा है। इसी असंतुलन को दूर करने के लिए यह नई योजना शुरू की गई है।
नई पाइप लाइनें पुरानी लाइनों की जगह लगाई जाएंगी और इन्हें सीवर लाइन से अलग रखा जाएगा। इससे पानी में गंदगी मिलने और जंग लगने की समस्या खत्म हो जाएगी। इस योजना से शहर की करीब 50 हजार आबादी को सीधा फायदा मिलेगा।
इसके साथ ही हुड्डा पार्क में बन रहे नए बूस्टिंग स्टेशन को नागरिक अस्पताल के बूस्टिंग स्टेशन से जोड़ा जाएगा। इससे पानी की सप्लाई और बेहतर होगी और आसपास के कॉलोनियों और वार्डों में नियमित पानी पहुंच सकेगा।
नई पाइप लाइनें कई मुख्य मार्गों और इलाकों में बिछाई जा रही हैं। इनमें हुड्डा पार्क से नागरिक अस्पताल और डुलाना रोड शामिल हैं। इसके बाद कुराहवटा रोड, फ्लाईओवर, रिवासा रोड, शास्त्री कॉलोनी, आदर्श कॉलोनी और हुड्डा पार्क के पीछे के इलाके में काम होगा।
डुलाना रोड पर पुरानी सीमेंटेड पाइप लाइन हटाकर लोहे की नई लाइन डाली जा रही है। इससे डुलाना रोड, मोहल्ला कुम्हाराण, जवाहर नगर, पंजाबी मोहल्ला और मोहल्ला नीमड़ी नीचे जैसे इलाकों को फायदा मिलेगा। इसके बाद रेलवे रोड, एसडीएम आवास और कोर्ट क्षेत्र में भी काम शुरू किया जाएगा।
वर्जन:
शहर में नई पेयजल पाइप लाइन डालने व लीकेज पुरानी पाइप लाइन के बदलाव का कार्य किया जा रहा है। 15 करोड़ रुपये की मदद से शहर में नई पेयजल पाइप लाइन बिछाई जाएगी। मार्च 2027 तक कार्य को पूरा करने का लक्ष्य है।
-सुरेंद्र यादव, जेई, जनस्वास्थ्य विभाग, महेंद्रगढ़
फोटों संख्या:51- बालाजी चौक पर पेयजल पाइप लाइन डालने के लिए टाईलों को हटाते मजदूर--संवाद