फोटो संख्या:56- अनाज मंडी महेंद्रगढ़ में फड पर किया गया अतिक्रमण--संवाद
महेंद्रगढ़। शहर की अनाज मंडी में एक अक्तूबर से शुरू होने वाली बाजरा खरीद को लेकर तैयारियां अधूरी हैं। खेतों में बाजरा निकलना शुरू हो गया है लेकिन मंडी परिसर में अभी भी कचरा और आढ़तियों का सामान फैला हुआ है। बाजरा डालने के लिए अलग स्थान भी तैयार नहीं किया गया है। ऐसे में किसानों को फसल बेचने में परेशानी होने की आशंका है।
मंडी में गेटपास की व्यवस्था के लिए गेटपास रूम की सफाई कर दी गई है। एक अक्टूबर से यहां कर्मचारियों की तैनाती होगी। वाहनों की जांच और बायोमिट्रिक के बाद गेटपास जारी किया जाएगा। हालांकि मंडी परिसर की समग्र व्यवस्था अभी भी संतोषजनक नहीं है।
किसानों के लिए छांव की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। टीन शेड के अभाव में बारिश से बचने के लिए आढ़तियों को तिरपाल की व्यवस्था करनी होगी। साफ शौचालय, रोशनी और स्वच्छता जैसी सुविधाओं की कमी भी बनी हुई है। शौचालयों की सफाई कराई गई है, लेकिन मंडी में जगह-जगह गंदगी है।
मार्केट कमेटी ने करीब 20 आढ़तियों को सामान हटाकर मंडी परिसर साफ करने के नोटिस दिए हैं। उन्हें फोन से भी सूचना दी गई है। सामान नहीं हटाने पर कमेटी कार्रवाई करेगी। खरीद से पहले व्यवस्थाएं दुरुस्त करना चुनौती बनी हुई है।
फोटो संख्या:56- अनाज मंडी महेंद्रगढ़ में फड पर किया गया अतिक्रमण--संवाद