रेवाड़ी रोड स्थित राव मातादीन मेमोरियल अस्पताल परिसर में रविवार रात उपचार करवाने आए मरीज के रिश्तेदार ने चिकित्सक के न मिलने पर अस्पताल में तोड़फोड़ की और तीन लोगों को ईंट मारकर घायल भी कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही काबू कर लिया। इस घटना के विरोध में सोमवार दोपहर आईएमए की स्थानीय शाखा के चिकित्सकों की आपात बैठक बुलाई गई और चिकित्सकों की सुरक्षा को लेकर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा गया।
पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में अस्पताल संचालक डा. कमल यादव ने बताया कि वो पिछले लगभग 10 साल से सेवाएं दे रहे हैं। रविवार को केवल दोपहर 2 बजे तक ही मरीजों को देखते हैं। रविवार रात्रि करीब 9.30 बजे के आसपास एक महिला मनोज देवी अस्पताल आई जिसके साथ कपिल नाम का एक युवक भी था जो शराब के नशे में धुत था। उसने आते ही चिकित्सक को बुलाने को कहा।
इस पर उनके सहायक और भाई राजकुमार ने कहा की रविवार को दिन के 2 बजे के बाद डाक्टर साहब यहां उपलब्ध नहीं होते हैं। इस पर कपिल ने झगड़ा करना और गालियां देना शुरू कर दिया। झगड़े की आवाज सुनकर जब उनके चचेरे भाई रविंद्र ओर कुलदीप ने वहां आकर बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपी कपिल ने ईंट उठाकर रविंद्र के सिर में दे मारी।
उसके बाद उसने ईंट मारकर अस्पताल के शीशे भी तोड़ दिए और अस्पताल को आग लगाने की धमकी दी। इसी दौरान पुलिस मौके पर पहुंच गई और आरोपी को काबू किया। उक्त मामले को लेकर आईएमए की स्थानीय शाखा की बैठक अध्यक्ष डा. केएल वर्मा के संस्थान पर आयोजित की गई। जिसमें निर्णय लिया गया कि चिकित्सकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा जाएगा।