नगरपालिका की चेयरपर्सन रीना बंटी के पालिका पार्षद पति से वार्ड नं. 11 के पालिका पार्षद नरेंद्र खन्ना ने मारपीट की। पंकज पुत्र ग्यारसी लाल की शिकायत पर पुलिस ने नपा पार्षद नरेंद्र खन्ना के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पंकज ने बताया कि हमारे घर पर कुआं पूजन का कार्यक्रम था रात्रि के समय कुआं पूजन की पार्टी चल रही थी। पार्टी में नगरपालिका चेयरपर्सन रीना गर्ग एवं उनके पति पार्षद सुरेंद्र बंटी शरीक हुए थे। अचानक वार्ड न. 11 के पार्षद नरेंद्र खन्ना उनके घर में घुस आया और उसने पार्षद सुरेंद्र बंटी के साथ मारपीट कर दी। हमारे परिवार वालों एवं अन्य लोगों ने बीच बचाव कर उनको छुड़वा दिया था। जाते समय नरेंद्र खन्ना ने सुरेंद्र बंटी को जान से मारने की धमकी दी। लड़ाई के दौरान चेयरपर्सन के पति को कई जगह चोटें आई जिसे सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया जहां पर चिकित्सकों ने उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। पुलिस ने आरोपी नरेंद्र खन्ना के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई आरंभ कर दी।
बाक्स:
चेयरपर्सन ने की आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग
पालिका चेयरपर्सन रीना बंटी ने सोमवार को आरोपी को पकड़ने एवं सुरक्षा उपलब्ध करवाने की पुलिस से मांग की है। चेयरपर्सन रीना बंटी ने बताया कि वह और उसका पालिका पार्षद पति सुरेंद्र बंटी बीती रात किसी के घर बच्चे के जन्मोत्सव पर गये थे। वहां पर नगरपालिका वार्ड 11 से पार्षद नरेन्द्र खन्ना भी मौजूद था। रीना बंटी का आरोप है कि नरेन्द्र खन्ना ने उसके पति से 5 लाख रूपये की मांग की। इस पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई । देखते ही देखते ही नरेन्द्र खन्ना ने उसके पार्षद पति के मारपीट शुरू कर दी जिससे वे घायल हो गये हैं। अब हम अपने आपको असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। इसलिए आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाए तथा उनको सुरक्षा प्रदान की जाए।