नारनौल। नारनौल सदर थाना पुलिस ने शुक्रवार रात्रि को गांव मांदी के पास अवैध शराब से भरी बुलेरो गाड़ी को चालक धर्मबीर व सोनू वासी कालबा को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों को शनिवार को नारनौल न्यायालय पेश किया गया, जहां से दोनों आरोपियों को जमानत पर छोड़ दिया गया।
पुलिस अधीक्षक नारनौल हामिद अख्तर को शिकायत मिली थी कि गांव कालबा की पहाड़ियों में चोरी छिपे अवैध शराब बेची जा रही है और यह अवैध शराब नारनौल से जा रही है। इस पर पुलिस अधीक्षक ने सदर थाना एसएचओ को पकड़ने के आदेश दिए। इसके बाद थाना सदर एसएचओ शिव कुमार, एएसआई रामानंद व पुलिस स्टाफ ने शुक्रवार रात्रि को मांदी गांव की नदी में नाका लगाया। इसी दौरान एक बुलेरो गाड़ी नारनौल रोड की तरफ से आती हुई दिखाई दी। जिसको रुकवाकर चैक किया गया तो गाड़ी शराब से भरी थी। गाड़ी में कुल देशी व अंग्रेजी की 31 व 10 बीयर की पेटी थी। पुलिस ने बुलेरो चालक धर्मबीर व सोनू निवासी कालबा से शराब के बिल मांगे तो उनके पास नहीं मिले। जिस पर पुलिस ने अवैध शराब की गाड़ी व शराब को कब्जे में लेकर दोनों व्यक्तियों के खिलाफ शराब अधिनियम के तहत सदर थाना नारनौल में मुकद्दमा दर्ज करके गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों को शनिवार को न्यायालय में पेश किया, जहां न्यायालय ने दोनों को जमानत पर छोड़ा दिया।