गांव भुंगारका में ठेका जलाने के मामले में पुलिस ने गांव के पूर्व सरपंच को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पूर्व सरपंच को जैतपुर मोड़ से गिरफ्तार कर रविवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। गांव भुगांरका में ऊंटोली मार्ग पर ओमप्रकाश के खेत में शराब का ठेका चल रहा था। गत आठ अप्रैल को गांव के ही कुछ ग्रामीण शराब ठेके पर पहुंचे और उन्होंने ठेके को आग लगा दी। घटना के दौरान सेल्समैन मैनपाल भी ठेके के अंदर ही मौजूद था। इससे वह भी आग की चपेट में आ गया। बाद में सूचना पर पहुंचे नांगल चौधरी थाना प्रभारी ने झुलसी हालत में सेल्समैन को नारनौल सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित सेल्समैन ने गांव के पूर्व सरपंच राजेंद्र कुमार सहित 19 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी। इसमें 15 महिला और पूर्व सरपंच राजेन्द्र सहित चार व्यक्ति शामिल थे। रविवार को पुलिस ने पूर्व सरपंच को गिरफ्तार कर लिया।