सिरोही बहाली के पास सोमवार की अलसुबह एक डंपर ने तुड़े से भरे ट्रैक्टर-ट्राली को टक्कर मार दी। इस हादसे में ट्रैक्टर चालक समेत दो की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कुछ मजदूर भी घायल हो गए।
सैदअलिपुर निवासी सुरेश कुमार मंढाणा से ट्रैक्टर में तुड़ा भरकर गांव आ रहा था। अल सुबह करीब 4.45 बजे सिरोही बहाली के नजदीक ट्राली को पीछे से आ रहे डंपर ने टक्कर मार दी। उसका पाइप डंपर की कुंडी में उलझ गया। डंपर चालक को हादसे की भनक तक नहीं लगी। करीब 100 मीटर तक ट्रैक्टर-ट्राली डंपर के पीछे घिसटते रहे। अन्य वाहन चालकों ने डंपर चालक को दुर्घटना की जानकारी दी। इसके बाद डंपर को छोड़कर चालक भाग गया।
हादसे में ट्रैक्टर चालक 22 वर्षीय सुरेश कुमार उर्फ सोनू और नजदीक बैठा सहायक मंढाणा निवासी 55 वर्षीय कृष्ण कुमार ट्राली के नीचे कुचल गए। जिससे कृष्ण की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि सुरेश कुमार उर्फ सोनू ने जयपुर ले जाते समय दम तोड़ दिया। ट्राली में बैठे 6 मजदूरों को मस्तिष्क व छाती में गंभीर चोट लगी। इनमें रामसिंह, राजपाल, रणजीत, घनश्याम, सुनील कुमार, धर्मपाल व पूजा उर्फ देवेंद्र शामिल हैं। ये सभी तूड़ा खाली कराने के लिए जा रहे थे। एकत्रित लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम में हादसे की सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंची नांगल चौधरी पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। लेकिन नाजुक स्थिति होने के कारण चिकित्सकों ने हायर सेंटर में रेफर कर दिया।