मोहल्ला खड़खड़ी में रविवार सुबह करीब नौ बजे दो गुटों में कहासुनी के बाद झगड़ा हो गया। दोनों गुट जब अस्पताल इलाज कराने आए तो वहां भी लड़ाई करने लगे। इसके कारण नागरिक अस्पताल में काफी देर तक हंगामा हुआ। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों गुटों को शांत करवाया।
मोहल्ला खड़खड़ी में किराए पर मकान लेकर रहने वाले टिबा बसई गांव निवासी राजकुमार का झगड़ा चार पांच दिन पूर्व वहीं पास के मोहल्लों में रहने वाले विनय कुमार व अन्य से हो गया था। इसी बात को लेकर मोहल्ला फ्रांसखाना के विनय कुमार साथियों समेत राजकुमार के मकान पर धावा बोल दिया। कुछ देर बाद राजकुमार के साथी भी आए गए और उन्होंने बाद में विनय कुमार पर हमला कर दिया। इससे घायल हुए दोनों पक्ष के लोग नागरिक अस्पताल में इलाज कराने आए तो यहां भी आपस में लड़ाई करने लगे। इससे नागरिक अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ। मौके पर मौजूद चिकित्सक ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच दोनों पक्षों को शांत कराया।
इसके बाद दोनों पक्षों के आठ लोग, जिनमें राजकुमार पक्ष के राजकुमार, सुरेश व संजीव तथा विनय कुमार पक्ष के विनय कुमार, रवि, ब्रजभान व शारदा को अस्पताल में भर्ती किया गया। जहां से सुरेश, राजकुमार, संजीव व विनय को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया।