सतनाली के एक निजी अस्पताल में डिलवरी के बाद प्रसूता की मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार पथरवा गांव के राजकुमार ने अपनी पत्नी राधा देवी (26) को सतनाली के मित्तल अस्पताल में डिलवरी के लिए रविवार को दाखिल कराया था। रात 9 बजे उसकी पत्नी ने एक कन्या को जन्म दिया। लेकिन इसके बाद से राधा देवी की तबीयत बिगड़ने लगी। उन्होंने बार-बार इस बारे में अस्पताल के चिकित्सकों को बताया लेकिन उन्होंने कहा कि घबराने की कोई बात नहीं है।
परिजनों ने बताया कि आधी रात बीत जाने के बाद राधा देवी की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई तो अस्पताल के चिकित्सकों ने उन्हें जवाब दे दिया और रोहतक ले जाने की सलाह दे डाली। परिजन प्रसूता को एंबुलेंस से रोहतक ले जा रहे थे लेकिन तो बीच रास्ते उसकी मौत हो गई। परिजन उसे वापस महेंद्रगढ़ के सिविल अस्पताल में लाए जहां सोमवार को मृतका का पोस्टमार्टम किया गया। मालूम हो कि मृतका ने तीसरी कन्या को जन्म दिया था। राधारानी की मौत के बाद पूरा परिवार सदमे में है। थाना प्रभारी साधुराम ने बताया कि मृतका के परिजनों के बयान आरोपी डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी डॉक्टर का नाम अभी सामने नहीं आया है, पीड़ित पक्ष के बयान दर्ज करवाने के दौरान डॉक्टर के नाम का पता लगाया जाएगा।