सतनाली के पास जवाहर नगर गांव में एक कार अनियंत्रित होकर पीपल के पेड़ से टकराकर पलट गई। इससे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक गंभीर रुप से घायल को सतनाली से हायर सेंटर रेफर किया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक कार सतनाली से लोहारू की ओर जा रही थी। कार चालक ने अचानक ब्रेक लगाए तो कार अनियंत्रित हो गई। इससे वह सड़क किनारे पीपल के पेड़ में टकरा गई। स्पीड अधिक होने के कारण कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं कार में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों में राजस्थान के राजगढ़ निवासी बंटी और हनुमानगढ़ के टिब्बी गांव निवासी विनोद के रुप में हुई है। वहीं कार में सवार राजस्थान के राजगढ़ निवासी विरेंद्र की गंभीर हालत को देखते हुए सतनाली जीएच से भिवानी के लिए रेफर कर दिया गया। रविवार की सुबह दोनों शवों का पोस्टमार्टम किया जाएगा। ये तीनों लोग नेशनल ओपन की परीक्षा देकर लौट रहे थे।
भयानक था हादसा
गाड़ी की स्पीड का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गाड़ी पहले पीपल के पेड़ से टकराई फिर नीम के पेड़ में लगी तो इसके बाद प्याऊ से टकराते हुए दीवार को तोड़ते हुए निकल गई। वहीं मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार घटना के समय ड्राईवर कार से उछलकर करीब 20 फीट की दूरी पर खेतों में जा गिरा।