अमर उजाला ब्यूरो
कनीना। शनिवार सुबह कनीना-रेवाड़ी रोड पर जलघर के समीप बाइक सवार को निजी स्कूल बस चालक ने टक्कर मार दी, जिससे बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को कनीना सीएचसी में दाखिल कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन घायल को उपचार के लिए रेवाड़ी लेकर गए, जहां उसने दम तोड़ दिया। पीड़ित परिजनों के बयान पर पुलिस ने बस कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार गांव धनौंदा निवासी 21 वर्षीय विकास बाइक पर सवार होकर जा रहा था। सुबह करीब साढ़े सात बजे जब वह कनीना के पास पहुंचा तो पीछे से आ रही निजी स्कूल की बस के चालक ने उसे टक्कर मार दी, हादसे में विकास गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने विकास को उपचार के लिए सामुदायिक चिकित्सा केंद्र कनीना में दाखिल कराया। जहां से चिकित्सकों ने ट्रॉमा सेंटर रेवाड़ी के लिए रेफर कर दिया। रेवाड़ी पहुंचने पर विकास ने दम तोड़ दिया। मृतक विकास का पिता राजेश दुर्घटना स्थल के समीप स्थित जलघर पर चौकीदार के पद पर नौकरी करता है।
चौकी इंचार्ज गोविंद सिंह ने बताया कि हादसे के बाद बस का चालक मौके से फरार हो गया। बस को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। आरोपी चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव का पंचनामा करवा कर शव परिजनों के हवाले कर दिया है।