अमर उजाला ब्यूरो
कनीना। क्षेत्र में पहली बार धुंध और कोहरे का प्रकोप दिखाई दिया, जिसके चलते सड़क मार्गों पर संकेतक नहीं होने से सड़क दुर्घटनाओं में बढ़ोतरी शुरू हो गई है। कनीना-महेंद्रगढ़ सड़क मार्ग पर दादरी मोड़ टी-प्वाइंट पर सड़क दिखाई नहीं देने के कारण अलसुबह करीब चार बजे एक डंपर मुख्य रोड को क्रॉस करता हुए सड़क से नीचे उतर जमीन में जा फंसा गनीमत रही कि इस दौरान उसके आगे-पीछे कोई अन्य वाहन नहीं था, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। डंपर चालक सुरक्षित बच गया। डंपर को सुबह एक घंटे कड़ी मशक्कत के बाद क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गई। बड़े और भारी वाहनों सहित स्कूली वाहन जाम में फंस गए। वाहन चालकों ने कहा कि अप्रोच सड़क मार्गों और मुख्य सड़क मार्ग पर संकेतक नहीं होने से दुर्घटनाओं के बढ़ने का अंदेशा है। उन्होंने जिला प्रशासन से सड़क मार्गों और नहरी पुलिया पर सुरक्षा संकेतक लगाए जाने की मांग की है।
जल्द लगवाएं जाएंगे संकेतक
उपायुक्त डॉ. गरिमा मित्तल ने कहा कि सर्दी के मौसम में सुरक्षित यात्रा के लिए सड़कों पर सफेद पट्टी लगाने का कार्य किया गया है इसके अलावा सड़क पर मोड़ और पुलिया पर जल्द संकेतक लगवाए जाएगें।