दुकान मालिक से हुई कहासुनी तो की चोरी
नारनौल। सीआईए पुलिस ने शहर में तीन स्थानों पर हुई चोरी की गुत्थी को सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों से करीब तीन लाख रुपये का सामान भी बरामद किया है। इनमें मोबाइल फोन, इंवर्टर बैट्री, कैमरा व मोबाइल एसेसरीज शामिल हैं। दोनों में से एक शहर के मोहल्ला माली टिब्बा निवासी है, जबकि दूसरा बहरोड़ के महाराजावास गांव का है। इनमें से एक ने दुकान मालिक से कहासुनी होने पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
एसपी कमलदीप गोयल ने शुक्रवार को पत्रकारों को बताया कि शहर में हो रही चोरी की वारदात को लेकर वे चिंतित थे। इसलिए सबसे पहले व्यापारियों के साथ बैठक की और मुख्य बाजार में होमगार्ड के 12 जवानों की ड्यूटी लगाई। वहीं चोरों को पकड़ने के लिए पुलिस जवानों को ज्यादा अलर्ट कर दिया। इसी बीच सीआईए पुलिस को शहर में तीन जगह हुई चोरी की वारदात में शामिल युवकों का पता चलने लगा। सबूत जुटाने के बाद पुलिस ने मोहल्ला माली टिब्बा के राकेश सैनी पुत्र सुंदरलाल सैनी को बहरोड़ चौक के पास से और बहरोड़ के महाराजावास निवासी विककी पुत्र लालचंद को गांव महाराजावास से गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ की। इस पर पुलिस ने युवकों से एक लैपटाप, 18 मोबाइल, एक कैमरा और उसका फ्लैश, एक इंवर्टर, एक बैटरी, एक हार्ड डिस्क, मोबाइल कवर, मोबाइल की लीड और चार हजार रुपये की नगदी भी प्राप्त की है।
यहां-यहां की थीं चोरियां
एसपी ने बताया कि इन दोनों युवकों ने इसी वर्ष 2017 के जनवरी माह में ढाणी कोजिंदा निवासी रामनिवास पुत्र मांगेलाल सैनी की बहरोड़ चौक स्थित पूजा फोटो स्टूडियो से 3 मोबाइल फोन, एक कैमरा, एक एलसीटी व चार हजार रुपये चुराए थे। इसमें से पुलिस ने एक कैमरा और एक फ्लैश बरामद किया है। वहीं जुलाई 2017 में बहरोड़ चौक स्थित मनीष कुमार पुत्र मोहनलाल सैनी निवासी माली टिब्बा की मोबाइल एवं फ्रूट शॉप की दुकान पर से एक प्रिंटर, एक इंवरर्टर व बैटरी और एक मोबाइल फोन चुराया था। पुलिस ने एक इंवर्टर, एक बैटरी और एक मोबाइल बरामद किया है। वहीं हाल ही नवंबर 2017 में ऑटो मार्केट नजदीक मोहिनी गली में स्थित पुरानी सराय वासी मनोज कुमार पुत्र बाबू सिंह सैनी की मोबाइल की दुकान से चोरी की थी। इसमें दुकान मालिक के अनुसार चोरों ने एक लैपटाप, करीब 35 मोबाइल, दो हार्ड डिस्क, एक डीवीआर, मोबाइल कवर, बैटरियां, इयर लीड, एक एलसीडी व पांच हजार के करीब रुपये चुराये थे। इसमें से पुलिस ने एक लैपटाप, 17 मोबाइल फोन, एक हार्ड डिस्क, चार हजार रुपये, मोबाइल कवर आदि बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार चोरों ने मोबाइल की दुकान से कीपैड व टच वाले मोबाइल चुराये थे। इनमें से कीपैड वाले मोबाइल को चोरों ने दिल्ली के धौला कुआं के पास तोड़कर फेंक दिये।
कहासुनी हुई तो की दुकान में चोरी
पुलिस पूछताछ में यह बात सामने आई है कि महाराजा गांव निवासी विक्की जब बहरोड़ चौक स्थित रामनिवास की दुकान पर मोबाइल रिचार्ज कराने गया तो उसकी दुकान मालिक रामनिवास से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इस पर विक्की ने अपने दोस्त राकेश को इस बारे में बताया। इस पर दोनों ने रामनिवास की दुकान में रात के समय चोरी करने का प्लान बनाया।
दुकानों में लगे हुए हैं वर्कर
विक्की और राकेश पार्क गली स्थित कपड़े व फोटो स्टूडियो की दुकान में लगे हुए हैं। वहां पर ही दोनों की आपस में दोस्ती हुई थी। दो जगह चोरी करने के बाद इनका लालच बढ़ता गया तो इन्होंने हाल ही नवंबर माह में बड़ी दुकान पर चोरी की। इस दुकान में चोरी किए गए मोबाइल फोनों की बदौलत ही इन चोरों को पकड़ने में पुलिस ने कामयाबी हासिल की बताई जाती है। पुलिस के अनुसार ये दोनों अब कोई अन्य बड़ी चोरी करने की फिराक में थे।
फोटो नंबर: 1 व 2-नारनौल सीआईए कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते एसपी कमलदीप गोयल तथा पकड़े गए चोरों के साथ सीआईए स्टाफ।