एक चौराहा, तीन घंटे, सात दुकानें, लाखों की नकदी साफ
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल।
शहर के प्रमुख महावीर चौक के पास नगर परिषद की ओर जाने वाले रास्ते पर शुक्रवार रात चोरों ने सात दुकानों में बेखौफ चोरी की। चोर इन दुकानों से लाखों रुपये की नकदी ले गए। चोरों ने केवल नकदी को ही निशाना बनाया, दुकान में किसी भी अन्य सामान को नहीं ले गए। वारदात की सूचना मिलते ही शनिवार सुबह पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और चोरों का शिकार बनीं दुकानों का जायजा लिया। पुलिस ने दुकानदारों की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूरी घटना दो दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
महावीर चौक से नगर परिषद की ओर जाने वाले रास्ते पर बनी दुकानों में चोर शुक्रवार रात को छत के रास्ते आए और पिछले दरवाजे से घुस गए। ये दुकानें एक साथ बनी है और सबकी छत पर जाने के लिए दरवाजा भी पीछे की ओर बना हुआ है। दुकानों एक साथ होने के कारण चोरों ने एक-एक कर सातों दुकानों के छत से आने वाले दरवाजे तोड़ लिए। इनमें सैमसंग इलेक्ट्रानिक्स की दुकान की छत के दरवाजे का ताला अंदर से बंद था। इस पर चोरों ने दुकान का कुंदा ही तोड़ डाला। चोरों ने सातों दुकानों में बड़े इत्मिनान से चोरी की। करीब तीन घंटे तक चोरो दुकानों में चोरी करते रहे। इस दौरान चोरों ने सातों दुकानों से दो लाख 46 हजार रुपये चुराए। कई दुकानों से खाने-पीने का सामान लिया और खाया। चोर सुबह करीब साढ़े चार बजे तक दुकानों में चोरी करते रहे।
पीएम स्टोर के मालिक को हुई सबसे पहले जानकारी
चोरी की वारदात का पता सबसे पहले पीएम स्टोर के मालिक प्रवीण मित्तल को लगा। उनके अनुसार सुबह वह करीब साढ़े सात बजे दुकान पर आए। दुकान खोलने के बाद वह दुकान की छत की ओर गया तो उन्हें वहां का दरवाजा टूटा मिला। इस पर उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस और अन्य दुकानदारों को दी।
इन दुकानों में हुई चोरी
पुलिस के अनुसार चोरों ने सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स से एक लाख 76 हजार, आइबा जनरल स्टोर से 35 हजार, राजस्थानी किरयाणा स्टोर से 20 हजार, जगदीश कुमार परचून की दुकान से दस हजार, हरिराम जनरल स्टोर से तीन हजार, भारद्वाज इलेक्ट्रिक स्टोर से दो हजार रुपये की नकदी चोरी की है।
सबसे पहले घुसे आइबा जनरल स्टोर पर
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार चोर सबसे पहले आइबा जनरल स्टोर पर घुसे। यहां पर रात एक बजकर 40 मिनट पर चोरों ने चोरी की। यहां पर चोरों ने छत से आ रहे गेट का कुंदा तोड़ पीछे से प्रवेश किया। यहां से चोरों ने एक टोपी भी उठाई। दुकानदार के अनुसार चोरोें ने बादाम और बिस्कुट आदि भी खाये। यहां से चोर रात करीब दो बजे वापस ऊपर चले गए। इसके बाद उन्होंने साथ लगती हुई सभी दुकानों का छत की तरफ लगा गेट तोड़कर प्रवेश किया। चोर राजस्थानी किराणा स्टोर से दो पानी की बोतल भी ले गए। यह बोतल पुलिस को छत पर मिलीं। चोर रात करीब 3 बजकर 52 मिनट पर रोहताश कुमार अग्रवाल के सैमसंग शो रूम में छत के गेट की कुंदी तोड़कर नीचे आए। यहां उन्होंने सीधे गल्ले पर जाकर एक लाख 76 हजार रुपये चुराये। रोहताश कुमार के अनुसार वह शुक्रवार को दुकान पर नहीं थे। उनका लड़का दुकान पर था। किसी पार्टी को आज पैसे देने थे। इसलिए वह इतना कैश छोड़कर चला गया। यहां से चोर चार बजे निकल गए।
सीसीटीवी में कैद हुए चोर
चोर सीसीटीवी में चोरी करते कैद हो गए है। सीसीटीवी फुटेज में तीन चोर चोरी करते साफ दिख रहे हैं। उनकी उम्र 20 से 30 वर्ष के बीच है। एक चोर ने नजर का चश्मा और घड़ी भी पहनी हुई है। एक चोर ने काला चश्मा पहना है। एक चोर ने जींस और शर्ट, एक ने जींस की कैपरी और टी-शर्ट, एक ने लोवर और टी-शर्ट पहनी है।
उठाया सामान वहीं छोड़ गए
चोरों ने आइबा स्टोर से टोपी और सैमसंग शोरूम से घड़ी उठाई थी। चोर दोनों सामान को वहीं छत पर छोड़ गए। पुलिस ने दोनों चीजें अपने कब्जे में ले ली हैं।
एक्सपर्ट था एक चोर
इन चोरों ने मुंह पर रुमाल बांधा हुआ था। एक चोर चोरी करने के बाद दूसरे रुमाल से गल्ले और आसपास हाथ लगने वाली जगह को साफ कर रहा था। वह गल्ले को भी रुमाल की सहायता से खोल रहा था।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी वारदात
चोरों ने करीब दो साल पहले ऐसी ही वारदात पुल बाजार के पास की थी। यहां चोरों ने एक साथ कई दुकानों में छत से प्रवेश कर लाखों रुपये का सामान और नकदी चुरा ली थी।
2007 में हुई थी सैमसंग शोरूम में ऐसे ही चोरी
सेमसंग शो रूम के संचालक रोहताश कुमार के अनुसार 2007 में भी इसी प्रकार चोरों ने उनकी दुकान से करीब 50 हजार रुपये चुराये थे।
हरियाणा व्यापार मंडल में रोष
नारनौल। हयिाणा व्यापार मंडल ने नारनौल शहर में सबसे व्यस्ततम क्षेत्र महावीर चौक के पास शुक्रवार की रात सात दुकानों में हुई चोरी पर रोष जताया है। मंडल के जिला अध्यक्ष बजरंगलाल अग्रवाल ने बताया कि चोरी की घटना से व्यापारियों में दहशत है। इस वारदात में चोरों ने दुकानों से लाखों की नकदी ही चुराई है। वादात से जिलेभर के व्यापारियों में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि दुकानदारों ने इन चोरियों की सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस अधिकारियों को मुहैया करवाई है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक अनिल धवन से गुहार लगाई कि चोरों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए। इस मौके पर शहरी प्रधान सुदर्शन बंसल, शहरी महासचिव संजय गर्ग भी मौजूद थे।
चोरों ने छत से प्रवेश कर वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज ले ली है। फिंगर एक्सपर्ट को बुलाया गया है। वारदात से ऐसा लगता है कि चोर दुकानों से परिचित थे। उम्मीद है कि जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा। पुलिस ने पीड़ित दुकानदारों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
-रणजीत सिंह, एसएचओ, शहर थाना, नारनौल।