अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। शहर के मोहल्ला चौधरियान स्थित यूरो किड्स प्ले स्कूल में शनिवार रात को एक अज्ञात चोर ने स्कूल के बाथरूम व अन्य जगह लगी टूंटियों को उखाड़ ले गया। स्कूल संचालक राकेश चौधरी उर्फ पूनम चौधरी ने इसकी शिकायत ओल्ड चौकी पुलिस में देकर चोर का पता लगाकर सामान बरामद करने की गुहार लगाई है। इस चोरी की पूरी वारदात स्कूल के अंदर व बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। जिसमें चोर का चेहरा साफ दिखाई दे रहा है।
पुलिस लाख प्रयास के बाद भी शहर में चोरियों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। चोर पुलिस के नाक नीचे लगातार शहर में चोरियों को अंजाम दे रहे हैं। जिले में पिछले एक सप्ताह के दौरान चार चोरियां और एक डकैती हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस के हाथ अभी तक खाली हैं। स्कूल संचालक के अनुसार स्कूल के अंदर व बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात कैद हो गई। इसमें चोर मात्र 14 सेकंड में ताला तोड़कर अंदर घुसता नजर आ रहा है।
सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के अनुसार शनिवार रात दो बजे के करीब स्कूल के सामने से दो व्यक्ति बाइक पर सवार होकर निकलते हैं। इसके कुछ देर बाद ही एक व्यक्ति वापस आता है। स्कूल के दूसरी तरफ चला गया। इसके बाद वही व्यक्ति हाथ में लोहे की राड लेकर स्कूल के गेट पर पहुंचा और मात्र 14 सेकंड में ताला तोड़कर नाली में डाल दिया। इसके बाद वह स्कूल में पहुंचा व करीब आधे घंटे तक स्कूल में बाथरूम व अन्य जगह टोंटियों को उखाड़ कर ले गया। उक्त व्यक्ति ने वहां रखे गैस सिलेंडर को ले जाने की कोशिश करता दिखाई देता है, लेकिन सिलेंडर भारी होने के कारण वह उसे उठा नहीं पाता है। घटना का पता सुबह चला जब जगदीश प्रसाद चौधरी स्कूल पहुंचा। उन्होंने इसकी शिकायत ओल्ड चौकी में दी। पुलिस ने पीड़ित से शिकायत लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।