अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। ट्रॉले के चक्के का जोड़ा निकल कर साइड में पिता के साथ बैठी डेढ़ वर्षीय बच्ची की मौके पर मौत हो गई। जबकि उसके साथ बैठे पिता और चाची को भी मामूली चोटें आई हैं। तीनों सड़क से लगभग पांच फुट दूर खाली जगह में बैठे हुए थे। ट्रॉला चालक ट्राले को छोड़कर मौके से फरार हो गया। समाचार लिखे जाने तक बच्ची के शव का पोस्टमार्टम नहीं हुआ था।
जानकारी के अनुसार हलीम अली निवासी आसाम, कनीना रोड पर झुग्गी झोपड़ी में परिवार के साथ रहते हैं। वो कबाड़ का कार्य करते हैं। शनिवार को लगभग 3 बजे हलीम, उसकी डेढ़ वर्षीय बेटी अफसाना तथा उसके भाई की पत्नी हबिदा झुग्गी के बाहर बैठे हुए थे। रोड़ी से भरा ट्रॉला ओवर ब्रिज कनीना की ओर जा रहा था। ट्रॉले के पीछे के दो टायर कोई सामान टूट जाने से निकल गए, जिससे ट्रॉले के चक्के का जोड़ा 30 मीटर दूर तक चलता गया और साइड में झुग्गी के पास बैठी डेढ़ वर्षीय अफसाना के ऊपर से गुजर गया। इस अफसाना गंभीर रूप से घायल हो गई। हलीम अली तथा हबिदा को मामूली चोटें आईं। तीनों को महेंद्रगढ़ उप नागरिक अस्पताल ले जाया गया जहां पर चिकित्सकों ने अफसाना को मृत घोषित कर दिया। जबकि उक्त दोनों को अस्पताल में उपचारधीन कर लिया।