महेंद्रगढ़। एडवोकेट पर हमला कर नकदी छीनने, जान से मारने की धमकी देने के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए बार एसोसिएशन के सदस्य शनिवार को डीएसपी से मिले। बार सदस्यों ने कहा कि 48 घंटे में आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो कठोर कदम उठाने को मजबूर होंगे। डीएसपी यादराम ने कहा कि जल्द ही आरोपियों गिरफ्तार होंगे।
एडवोकेट अनूप कुुमार ने बताया कि वह पुराना आर्य समाज मंदिर के पास रहते हैं। प्लाट पर निर्माण कार्य चल रहा है। इसी सिलसिले में 13 जून की शाम को अपने प्लाट पर गया था। उन्होंने बताया कि जब अनाज मंडी की ओर से शटरिंग का किराया देकर लौटा तो वहां पर मोनू व चार अन्य युवकों ने रास्ता रोक लिया। इन लोगों ने गाली गलौज शुरू कर दिया। एडवोकेट अनूप ने कहा कि जब विरोध किया तो मोनू ने अपने साथियों के साथ चेहरे व छाती पर मुक्के से हमला किया। अनूप ने आरोप लगाया कि मोनू ने उसकी जेब से 30 हजार रुपये भी निकाल लिए। अनूप ने कहा कि उसने यह पैसे अपने प्लाट में निर्माण कार्य के लिए निकलवाए हुए थे। 12 जून को ही यह पैसे चैक के जरिए निकाले थे। एडवोकेट अनूप ने कहा कि मोनू ने पिस्तौल दिखाते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसी बीच सुरेंद्र यादव व वेदप्रकाश ने मौके पर आकर छुड़ाया। एडवोकेट अनूप ने कहा कि उन्होंने घटना के बाद मेडिकल कराते हुए एमएलआर कटवाई लेकिन पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया। जिसके बाद उन्होंने बार एसोसिएशन के समक्ष अपनी बात रखी। बार प्रधान रविंद्र यादव, उपप्रधान गोरीशंकर, पूर्व प्रधान बंसीलाल, गजेंद्र, आलोक खैरवाल सहित अन्य वकीलों के साथ डीएसपी यादराम से मिले। बार के सदस्यों ने डीएसपी से आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए मांग रखी। वकीलों ने कहा कि दो दिन में आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो ठोस कदम उठाने को मजबूर होंगे।