अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। राजस्थान पुलिस के 5 हजार रुपये के इनामी बदमाश गांव जाटवास निवासी संदीप उर्फ टीटू को बुधवार को एसडीजेएम की अदालत में पेश किया गया। जहां अदालत ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। संदीप राजस्थान, महेंद्रगढ़ में वांछित अपराधी है।
सीआईए महेंद्रगढ़ इंचार्ज अनिल कुमार की टीम ने मंगलवार को एक सूचना के आधार पर गांव जाटवास में बनी शहीद की प्रतिमा के पास संदीप उर्फ टीटू को गिरफ्तार किया था। आरोपी संदीप उर्फ टीटू ने महेंद्रगढ़ में भी लूट की वारदातों को अंजाम दिया था। थाना महेंद्रगढ़ के 2 मुकदमों में पुलिस गिरफ्त से बाहर चल रहा था। जिसके कारण उसे अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित किया हुआ है। वर्ष 2011 में राजस्थान के बुहाना के गांव खंडवा में अपने चार साथियों के सुनार के साथ लूटपाट की थी। इस मुकदमे में संदीप उर्फ टीटू फरार चल रहा था। राजस्थान पुलिस ने संदीप पर 5 हजार रुपये का ईनाम घोषित किया हुआ था। संदीप पर राजस्थान पुलिस टीम के साथ मारपीट का केस भी दर्ज है। आरोपी संदीप को एसडीजेएम कुनाल गर्ग अदालत में पेश किया गया। जहां अदालत ने संदीप को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।