भैंस चोरी की घटनाओं से पशुपालकों में भय
अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में हो रही भैंस चोरी की घटनाओं को लेकर तीन गांवों की पंचायत के लोग सदर थाना महेंद्रगढ़ में जांच अधिकारी गुणपाल से मिले। उन्होंने भैंस चोरी की घटना के बारे जानकारी मांगी तो पुलिस ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि 16 अगस्त को सुरेश कुमार पुत्र फूलसिंह निवासी माजरा कला, दूलोठ अहीर निवासी हरिकिशन पुत्र शक्तिसिंह, गांव खातोदड़ा के औमप्रकाश पुत्र शंकरलाल तीनों की एक ही रात को भैंसों की चोरी हो गई। जिससे क्षेत्र के पशुपालकों में भय बना हुआ है। इसी को लेकर रविवार को तीनों गांवों की पंचायत के लोग पुलिस थाना में एकत्रित हुए। ग्रामीणों ने जांच अधिकारी से बात की तो जांच अधिकारी ने कोई संतोषजनक जबाब नहीं दे पाए। उन्होंने कहा कि दो दिनों के अंदर आरोपियों के खिलाफ अगर कार्रवाई नहीं होती है तो तीनों गांवों की पंचायत व क्षेत्र के लोग प्रशासन के विरूद्ध प्रदर्शन करने को मजबूर हो जाएंगे। इस मौके पर सरपंच माजरा कलां के प्रतिनिधि जगराम यादव, खातोदड़ा के सरपंच महेंद्र सिंह, राजू, सत्यपाल पंच माजरा, अजीत सिंह नंबरदार, सुमेर सिंह, झाडसिंह, कृष्ण कुमार, अनिल कुमार उपस्थित थे।