अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। कुुम्हारान मोहल्ले में बुधवार को दो पक्षों में मारपीट हो गई। एक पक्ष के लोगों ने गाड़ी और मकान पर पर पथराव कर शीशे तोड़ दिए। हॉकी से हुए हमले में एक युवक को सिर पर चोट आई है। घायल को उप नागरिक अस्पताल में उपचार दिलाया गया।
उप नागरिक अस्पताल में भर्ती गांव झांखड़ी निवासी महेश ने बताया कि उनके चाचा महाबीर अपने परिवार के साथ कुम्हारान मोहल्ले में रहते हैं। उनके मकान के पास कुछ युवक कई दिन से हंगामा करते हैं। उक्त युवकों ने मंगलवार को चाचा के परिवार को काफी तंग किया। बुधवार को वह अपने चाचा के घर कुम्हारान मोहल्ले में पहुंचा था। इस बीच कुछ युवक लाठी, डंडे, हॉकी लेकर वहां आ गए।
हमलावरों ने उनके सिर पर हॉकी से हमला किया। बाहर खड़ी गाड़ी और घर पर पथराव कर शीशे तोड़ दिए। महेश ने बताया कि हमलावर दो गाड़ियों में सवार होकर आए थे। जाते हुए धमकी भी देकर गए। मौके पर हंगामा देखकर आसपास के लोगों ने पुलिस को फोन किया। जब पुलिस मौके पर पहुंची तब तक आरोपी मौके से फरार हो गए। देर शाम दोनों पक्षों में समझौता हो गया। पुलिस ने कोई केस दर्ज नहीं किया है।