अमर उजाला ब्यूरो
मंडी अटेली। वार्ड-7 से चोरों ने कमरे की खिड़की उखाड़ एक लाख की नगदी सहित लाखों रुपये के आभूषण चोरी कर ले गये। मकान मालिक व अन्य पास के दूसरे कमरे में सोते रहे और चोर घटना को अंजाम देकर फरार हो गये। सुबह अलमारी का बिखरा पड़ा सामान देखकर चोरी की जानकारी हुई। पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
कस्बा के वार्ड नंबर सात निवासी दुकानदार परमेश्वर दयाल ने पुलिस में दी शिकायत में बताया कि 12 सितंबर की रात को परिवार सदस्य अपने-अपने कमरों में सो रहे थे। संयुक्त परिवार में दर्जन के करीब सदस्य घर है। पीड़ित का कहना है कि जिस कमरे में आभूषण रखे हुए थे, उसमें कोई नहीं सो रहा था। चोर रात में मकान के पिछले हिस्से से दीवार फांदकर घर में दाखिल हो गये। परमेश्वर ने बताया कि चोरों ने जिस मकान में सामान रखा था, उसका खिड़की उखाड़कर कमरे में प्रवेश कर गये और अलमारी में रखे नगदी व लाखों रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। चोर अलमारी से एक लाख रुपये, दो सोने के मंगलसूत्र, आठ सोने की अंगूठी, सात सोने के कुंडल, चांदी के पाजेब, 120 चांदी के सिक्के समेत अन्य सामान ले गये। सभी लोग अपने-अपनी कमरे में कूलर लगाकर सोये हुए थे। ऐसे में आवाज उन्हें सुनाई नहीं दी। सुबह उठने पर कमरे में बिखरा सामान देखकर चोरी का अहसास हुआ।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। अटेली थाना प्रभारी ने बताया कि अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया गया है। पीड़ित के घर के अलावा आसपास कैमरे नहीं हैं। इस मामले में सीआईए व साइबर सेल की मदद ली जा रही है। जल्द ही आरोपियों का पता चला लिया जाएगा।
व्यापार मंडल ने जताया रोष
व्यापार मंडल के प्रधान रतन गर्ग का कहना है कि पुलिस को शहर में गश्त बढ़ानी चाहिए ताकि आम आदमी का इस प्रकार की सारी कमाई पर चोर डाका न डाल सके। पहले भी चोरी की कई वारदात हो चुकी है। पुलिस आरोपियों को अभी तक पकड़ नहीं सकी है।