अमर उजाला ब्यूरो
कनीना (महेंद्रगढ़)।
सोशल मीडिया के माध्यम से ब्राह्मण समुदाय पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले व्यक्ति के खिलाफ कनीना पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। भोजावास वासी सचिन और अन्य ग्रामीणों की शिकायत पर कमेंट करने वाले विशाल दोचानिया के खिलाफ केस दर्ज होने के बाद भी ब्राह्मण समुदाय का गुस्सा सातवें आसमान पर है।
मामले को लेकर रविवार 10 जून को ब्राह्मण समुदाय ने प्रबुद्ध लोगों की महापंचायत बुलाई गई। इसमें समाज के गणमान्यजन हिस्सा लेंगे। विदित रहे कि कनीना उपमंडल के गांव भोजावास के एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर डॉ. भीमराव आंबेडकर को ब्राह्मणों का दामाद बता कर कमेंट पोस्ट कर दिया। इतना ही नहीं उनके द्वारा ब्राह्मण समाज को कलंकित करने वाली विभिन्न टिप्पणियां भी की गई। जिसे लेकर ब्राह्मण समुदाय एकजुट होता नजर आ रहा है।
इस बारे भोजावास के लोगों ने गत दिनों पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की गई थी। आरोप है कि उक्त पोस्ट पर अमित गुप्ता नामक व्यक्ति की ओर से भी भावनाएं भड़काने जैसे कॉमेंट किए गए हैं। मामला हाईलाईट होने के बाद फेसबुक पर आने वाले इस प्रकार के संदेश पर पुलिस बारीकी से नजर रख रही है।
ग्रामीण सचिन शर्मा, रवि, मंजीत, अभिषेक, पवन, जयभगवान, सतबीर, धर्मेंद्र, नवीन, अर्जुन ने कहा कि समाज में शांति और भाईचारे की भावनाओं को बिगाड़ने के मकसद से की गई अभद्र टिप्पणियों से समाज के लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। उन्होंने गौड़ ब्राह्मण सभा नारनौल सहित विभिन्न गांवों व जिलों के पदाधिकारियों को भी इसकी सूचना दी है। जोकि महापंचायत में हिस्सा लेने के लिए रविवार को पहुंचेंगे। यह महापंचायत 10 जून को हनुमान मंदिर धर्मशाला में आयोजित की जाएगी।
वर्जन
कनीना थाना प्रभारी रमेश कुमार ने कहा कि शिकायत के आधार पर भोजावास वासी एवं रोपड़ पंजाब में डाक सहायक विशाल दोचानिया के खिलाफ आईटी व आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन किया गया है।