ट्रक-ट्राले की टक्कर में चालक गंभीर रूप से घायल
नारनौल। नई अनाज मंडी रोड के नजदीक मंगलवार सुबह हुई ट्रक व ट्राले की टक्कर में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक को चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक रेफर कर दिया। वहीं ट्राला चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे रेवाड़ी के नाहड़ निवासी 38 वर्षीय भीम सिंह ट्रक लेकर नारनौल की ओर जा रहा था। अभी वह नांगल चौधरी रोड पर नई अनाज मंडी के नजदीक ही पहुंचा था कि सामने से आ रहा एक अनियंत्रित ट्राला उसे सामने से टक्कर मारकर फरार हो गया। इस टक्कर में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने घायल ट्रक चालक को एंबुलेंस की सहायता से नारनौल के नागरिक अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने चालक की गंभीर हालात के चलते प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया।