छह दिन पूर्व घर से लापता युवक के मोबाइल की लोकेशन के माध्यम से पुलिस जांच करते हुए गांव के ही निकट दोहान नदी क्षेत्र में पहुंची। परंतु वहां पर युवक की बजाया उसके कपड़े, मोबाइल अन्य सामान मिला। पुलिस ने सामान को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में पुलिस ने दो तीन संदिग्ध युवकों से भी पूछताछ की है, लेकिन देर शाम तक लापता युवक के संबंध में कोई सुराग नहीं मिल पाया था।
बता दें कि गांव माजरा खुर्द निवासी राजेश कुमार पुत्र जगदीश ने पुलिस में दी शिकायत थी। उसने शिकायत में बताया था कि सात जनवरी की रात 10:00 बजे के लगभग उसका 18 वर्षीय पुत्र प्रीतम लापता हो गया। परिजनों ने उसकी तलाश आस-पड़ोस व रिश्तेदारी में भी की परंतु कहीं भी उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। उसके बाद राजेश कुमार ने पुलिस में शिकायत दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है। रविवार सुबह लापता युवक के मोबाइल की लोकेशन के माध्यम से पुलिस जांच करते हुए गांव के ही निकट दोहान नदी क्षेत्र में पहुंची। इस दौरान पुलिस दल को कुछ कपडे, सामान व एक मोबाइल बरामद हुआ। इस पर पुलिस ने लापता युवक के परिजनों को मौके पर बुलाया। परिजनों ने युवक के पकड़ों की पहचान कर ली। बताया जा रहा है कि लापता युवक के बरामद हुए कपड़े पर खून के निशान भी लगे हैं। इससे पुलिस व परिजन किसी अनहोनी की आशंका भी जता रहे हैं। हालांकि देर शाम तक पुलिस मामले की जांच में जुटी थी। बरामद हुए मोबाइल में मिले नंबरों को लेकर पुलिस ने दो तीन संदिग्ध युवकों को थाने बुलाकर पूछताछ की गई है, लेकिन देर शाम तक किसी की गिरफ्तारी नहीं की गई थी।