खंड के गांव नावां के डिगरोता सड़क मार्ग पर बुधवार को सूखी नहर में संदिग्ध परिस्थिति में मिले शव की शनाख्त हो गई है। पुलिस के अनुसार नहर में मिला शव भिवानी जिले के बहल थाना के अंतर्गत आने वाले गांव गोपालवास के पवन का था। मृतक की पहचान उसके कपड़े पर लगी टेलर की पर्ची से हुई।
थाना प्रभारी सज्जन शर्मा ने बताया कि शव मिलने के बाद से पुलिस मामले की गहनता से जांच में जुटी हुई थी। उन्होंने बताया कि मृतक के कपड़ों पर टेलर की पर्ची थी। जिस पर राजस्थान के सालासर का नाम था। पुलिस की टीम बुधवार को सालासर पहुंची। टेलर को कपड़े व मृतक का फोटो दिखाकर उसकी पहचान पूछी। टेलर ने बताया कि मृतक ने खुद का पता बहल का बताया था। इसके बाद पुलिस की टीम वापस बहल पहुंची। बहल आकर कुछ एरिया में मृतक की फोटो दिखाई। इसके बाद मृतक की पहचान गोपालवास निवासी पवन के तौर पर हुई।
थाना प्रभारी ने बताया कि पवन मजदूरी का काम करता था। मजदूरी के लिए घर से निकला था। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पवन यहां कैसे पहुंचा इसकी जांच की जा रही है। गौरतलब है कि बुधवार को नावां-डिगरोता सड़क मार्ग पर नहर के पुल के नीचे एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला था।