महेंद्रगढ़। दीपावली का त्योहार करीब है ऐसे में पटाखों का कारोबार करने वाले चोरी-छिपे स्टाॅक एकत्र करने में जुट गए हैं। सीआईए महेंद्रगढ़ की टीम ने शंकर कॉलोनी रेलवे रोड महेंद्रगढ़ से छापे मारकर करीब 1.50 लाख रुपये कीमत के पटाखे बरामद किए हैं। पटाखों का अवैध भंडार करने के आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। इसके पास पटाखा भंडारण व बिक्री का कोई लाइसेंस तक नहीं था।
पुलिस प्रवक्ता सुमित कुमार ने बताया कि सीआईए महेंद्रगढ़ की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि शहर की शंकर कॉलोनी रेलवे रोड महेंद्रगढ़ में अवैध पटाखे रखे गए हैं। सूचना पर पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बताए हुए स्थान पर छापा मारा। वहां पर मौजूद एक व्यक्ति को पुलिस ने काबू करके पूछताछ की और दुकान की जांच की। गत्ते के डिब्बों में रखे विस्फोटक पटाखे बरामद हुए। पुलिस ने करीब 1.50 लाख रुपये की कीमत के पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने एक्सप्लोसिव एक्ट के तहत थाना शहर महेंद्रगढ़ में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान मयंक निवासी रेलवे रोड महेंद्रगढ़ के रूप में हुई है।