कनीना। नगर पालिका की ओर से मंगलवार को शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कनीना बस स्टैंड पर लगे होर्डिंग्स हटाए गए। वहीं आंबेडकर चौक के आसपास सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण को भी हटवाया गया। नगर पालिका के आदेश पर एमई दिनेश की देखरेख में सफाई कर्मचारियों ने कार्रवाई की।
नगर पालिका प्रधान डॉ. रिंपी कुमारी ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध होर्डिंग्स लगाने या सामान रखकर रास्ते रोकने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने दुकानदारों और रेहड़ी संचालकों से निर्धारित स्थान पर ही सामान रखने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि अतिक्रमण मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिका ने सार्वजनिक स्थानों पर रखा अवैध सामान हटाकर कब्जे में लिया। डॉ. रिंपी कुमारी ने कहा कि शहर को सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से शहर को स्वच्छ और अतिक्रमण मुक्त रखने में सहयोग की अपील की।