महेंद्रगढ़। ग्राम पंचायत बास खुडाना की ढाणी खड़गवान में घरेलू गैस सिलिंडर लीक होने से झुलसे दंपती व बेटे ने शनिवार को रोहतक पीजीआई में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं बेटी की हालत गंभीर बनी हुई है। एक साथ तीन लोगों की मौत होने से पूरे गांव में मातम छा गया। रोहतक पीजीआई में पुलिस की उपस्थित में पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
गत बुधवार को गांव खुडाना की ढाणी खड़गवान निवासी 42 वर्षीय बिजेंद्र रसोई घर में गैस का चूल्हा साफ बाहर चला गया था। कुछ देर बाद निर्माण कार्य में लगे मिस्त्री व मजदूरों के लिए चाय बनवाने आ गया। इसी दौरान जब बिजेंद्र की पत्नी मंजू ने रसोई में जाकर लाइटर जलाया तो आग फैल गई। गैस के प्रेशर के कारण रसोई का दरवाजा टूटकर बाहर जा गिरा। इसी दौरान बिजेंद्र अपने 14 वर्षीय बेटे रोहित व 12 वर्षीय बेटी चंचल के साथ रसोई घर के दरवाजे के पास ही था। आग लगते ही गैस इतनी तेजी से फैली थी कि रसोई का दरवाजा टूटकर बाहर फैल गई थी। चारों को अपनी चपेट में ले लिया था। पास ही निर्माण कार्य की निगरानी कर रहे बिजेंद्र के पिता सुरजभान व मिस्त्री तथा मजदूरों ने आग पर काबू पाया। इसी दौरान चारों झुलस गए थे। गंभीर हालत में चारों को नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ लाया गया था, जिसके बाद प्राथमिक उपचार देने के बाद चारों को पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। शनिवार को सुबह सबसे पहले बिजेंद्र उसके बाद बेटे रोहित व पत्नी मंजू ने दम तोड़ दिया।
ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान पूरा परिवार आया था गांव में
गांव के सरपंच रतन सिंह ने बताया कि ग्रीष्म अवकाश के दौरान पूरा परिवार आया था गांव आया था। बिजेंद्र के पिता राजस्थान के खेतड़ी कॉपर में नौकरी करते थे। बिजेंद्र बचपन से ही कॉपर में रहते थे। इस सयम एक निजी स्कूल में बतौर अध्यापक कार्यरत थे, जबकि 40 वर्षीय मंजू आंगनबाड़ी वर्कर थीं। वहीं रोहित कॉपर के एक निजी स्कूल में 10वीं कक्षा का छात्र था। चंचल भी छठी कक्षा की छात्रा है। अब परिवार में बिजेंद्र के पिता सूरजभान व माता व छोटा भाई नरेंद्र व उसकी पत्नी व एक बेटी एक बेटी है।
पुलिस को पीजीआई रोहतक से सूचना मिली थी कि गांव बास खुडाना की ढाणी खड़गवान निवासी बिजेंद्र ने उपचार के दौरान शनिवार सुबह करीब पांच बजे दम तोड़ दिया है। थाने से एक स्टाफ सदस्य को पीजीआई भेजा गया था। इसके बाद सूचना मिली कि उपचार के दौरान बिजेंद्र के अलावा उसकी पत्नी व बेटे की भी मौत हो गई है।
-देवेंद्र, चौकी प्रभारी आकोदा