महेंद्रगढ़। शहर के विकास कार्यों को गति देने के लिए नगर पालिका पार्षदों ने मुख्यमंत्री से 80 करोड़ रुपये के विशेष बजट की मांग की है। इस संबंध में वार्ड 6 के पार्षद राजेश कुमार, वार्ड 9 के पार्षद देवेंद्र सैनी और पार्षद प्रतिनिधि हरिराम खन्ना ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। पार्षदों का कहना है कि पर्याप्त बजट नहीं होने के कारण शहर में कई जरूरी विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।ज्ञापन में कहा गया है कि महेंद्रगढ़ की आबादी लगातार बढ़ रही है। इसके साथ ही शहर में सड़कों, पेयजल, सीवरेज, पार्किंग, स्ट्रीट लाइट, सफाई और खेल सुविधाओं की जरूरत भी बढ़ी है। पार्षदों ने इन कामों के लिए विशेष बजट देने की मांग की है।
पार्षदों के अनुसार मुख्य सड़कों के निर्माण और सुधार के लिए करीब 15 करोड़ रुपये की जरूरत है। सीवरेज और अन्य जरूरी विकास कार्यों के लिए 20 से 25 करोड़ रुपये का प्रस्ताव रखा गया है। पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए करीब 5 करोड़ रुपये मांगे गए हैं। वहीं, स्टेडियम और खेल मैदानों के विकास के लिए करीब 7 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित किया गया है।
इसके अलावा शहर में पार्किंग व्यवस्था सुधारने, स्ट्रीट लाइट लगाने और सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए भी बजट की मांग की गई है। पार्षदों ने कहा कि यदि पर्याप्त राशि मिलती है तो शहर का विकास योजनाबद्ध तरीके से किया जा सकेगा और लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।उन्होंने मुख्यमंत्री से मांगों पर जल्द संज्ञान लेने की अपील की।
एसडीएम योगेश सैनी ने बताया कि पार्षदों ने शहर के विकास के लिए बजट की मांग को लेकर पत्र सौंपा है। इसे जिला उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाएगा। मुख्यमंत्री से मुलाकात के समय पर भी चर्चा की जाएगी।