लड़ाई-झगड़ों जैसे मामलों में भाईचारे खराब न हो इसके लिए पुलिस महानिदेशक हरियाणा के आदेश पर प्रत्येक जिले में एक कम्यूनिटी लाइजन ग्रुप बनाया गया है। जोकि ऐसे मामलों का आपसी सहयोग से निपटारा करेगा। इस ग्रुप में कुल 23 सदस्य होंगे जिसमें 8 मेंबर रिटायर्ड पुलिस अधिकारी व कर्मचारी, 15 मेंबर वालंटियर, समाज सेवी व्यक्ति शामिल किए गए हैं।
ग्रुप मेम्बरों के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अलग से कमरे की व्यवस्था की जाएगी। ग्रुप मेम्बर हर सोमवार व शुक्रवार को सुबह 11 बजे से 3 बजे लड़ाई-झगड़े जैसी परिवादों का निपटारा करेंगे। ऐसे मामलों में दोनों पक्षों को बुलाने के लिए चौकी थाना के पुलिस कर्मचारी सहयोग करेंगे। वहीं कराए गए समझौते की अलग से एक रिपोर्ट बनाकर पुलिस अधीक्षक को सौंपी जाएगी। इस ग्रुप की अवधि फिलहाल एक वर्ष के लिए की गई है। पुलिस अधीक्षक हामिद अख्तर ने सभी मेम्बरों की शुक्रवार शाम अपने निवास स्थान कार्यालय में बैठक ली। इस बैठक में उन्होंने कहा कि कई बार लड़ाई-झगड़ों से आपसी भाईचारा खराब हो जाता है। इसी भाईचारे को बनाए रखने के लिए ग्रुप का गठन किया गया है। ग्रुप दोनों पक्षों को समझाकर राजीनामा करवाने, जमीन जायदाद बटवारे को लेकर विवाद को निपटाने, समाज में किसी प्रकार की अफवाह फैलाकर विवाद उत्पन्न होने पर लोगों को समझाना, जनता व पुलिस में मित्रता का माहौल बनाने में सहयोग करेंगे। हरियाणा जिले के तमाम लाइजन ग्रुप से अगले माह फरवरी में पुलिस महानिदेशक हरियाणा करनाल में बैठक करेंगे।
जिला महेंद्रगढ़ के इस ग्रुप में रिटायर्ड डीएसपी कुरड़ाराम, रिटायर्ड इंस्पेक्टर हरिकिशन, रिटायर्ड इंस्पेक्टर रामनिवास, रिटायर्ड एसआई जगदीश, रिटायर्ड एसआई हनुमान, रिटायर्ड एएसआई मदन लाल, रिटायर्ड एसआई धर्मपाल, रिटायर्ड एसआई प्रताप सिंह, सामाजिक वालंटियर मेंबर से सरदार गुरमेल सिंह, राम सिंह सैनी, धर्म चंद छाबड़ा, बलदेव चहल, सुरेंद्र उर्फ पम्मी, सुरजीत सिंह अरोड़ा, प्रेमचंद आजाद, जय प्रकाश चौधरी, अशोक बोहरा, संजय यादव, अनिल शर्मा, आशुतोष शुक्ला अधिवक्ता व ओमप्रकाश शर्मा आदि को शामिल किया गया है।