महेंद्रगढ़। शहर के मसानी चौक स्थित सार्वजनिक धरोहर झम्मूवाली धर्मशाला पर बाल चरित्र निर्माण सभा की ओर से भू-माफिया के कब्जा करने का आरोप लगाया है। साथ ही नगर पालिका व तहसील अधिकारियों पर भी भ्रष्टाचार करके आईडी बनाने के आरोपों से घेरा है। अब इस संबंध में सर्व समाज की बैठक रविवार को शाम 5 बजे की जाएगी।
सभा संरक्षक सत्यवीर सिंह यादव ने बताया कि नगरपालिका व तहसील कार्यालय महेंद्रगढ़ के कुछ अधिकारी व कर्मचारियों ने प्रॉपर्टी आईडी की आड़ में भ्रष्टाचार करने का बीड़ा उठाया हुआ है।
इस भवन कि भूमि के नंबर को बिना देखे, जांचे खेती की जमीन दर्शाकर नई प्रॉपर्टी आईडी सुशीला लाठ के नाम बना दी है। अब भूमाफिया इसकी रजिस्ट्री कृषि जमीन दिखाकर करवाने की तैयारी कर रहे हैं।
करीब डेढ़ साल से बाल चरित्र निर्माण सभा पदाधिकारी गलत आईडी को ठीक करवाने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन अधिकारियों में फैले भ्रष्टाचार के कारण उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
अब समाज की इस धरोहर को बचाने के लिए 19 जुलाई को शाम 5 बजे धर्मशाला में सर्वदलीय सार्वजनिक बैठक आयोजित की जाएगी। संरक्षक ने सभी से बैठक में पहुंचने का आह्वान किया।