जिले में छह जगहों पर 16 जनवरी को कोरोना वायरस का टीका लगाया जाएगा। इसके तुरंत बाद अन्य 25 अन्य सेंटरों पर टीकाकरण होगा। इसमें नारनौल सेंटर पर सबसे अधिक 325 स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाया जाएगा। हालांकि अभी टीका नारनौल नहीं पहुंचा। एक-दो दिन में टीका आने की उम्मीद है।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. रामनिवास ने बताया कि छह जगहों पर टीकाकरण होना है। उन्होंने बताया कि पहले इन जगहों पर ड्राई रन हुआ था। उन्होंने बताया कि जिले में नागरिक अस्पताल नारनौल, उप नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़, कनीना, बाछौद, माधोगढ़ और छिलोरा सेंटर पर कोरोना वैक्सीन का टीकाकरण होगा। योजना के अनुसार पहले चरण में चार श्रेणियों के लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी। सबसे पहली श्रेणी में 5800 स्वास्थ्यकर्मियों को कोरोना वैक्सीन लगाई जानी है। जिसके लिए 27 केंद्र बनाए गए हैं। स्वास्थ्यकर्मियों में पैरा मेडिकल स्टाफ, चिकित्सक, आशा वर्कर, एएनएम, स्टाफ नर्स और अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल हैं। दूसरी श्रेणी में फ्रंटलाइन वर्कर जैसे नप के सफाई कर्मी और पुलिसकर्मी आदि शामिल होंगे। तीसरी श्रेणी में 50 से 55 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग व्यक्ति और चौथी श्रेणी में 50 वर्ष से कम आयु के उन लोगों को शामिल किया गया है, जो पहले से ही किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं। जिला निरीक्षण अधिकारी दिलबाग सिंह ने बताया कि टीकाकरण चुनाव की तर्ज पर होना है। इस सेंटरों की ड्राई रन में तैयारियां सही मिली थी। सबसे अधिक टीकाकरण नारनौल सेंटर पर होगा। नारनौल सेंटर पर करीब 325, बाछौद में 65,कनीना में 78, महेंद्रगढ़ में 122, छिलरो में 55 व माधोगढ़ में 52 सरकारी स्वास्थ्यकर्मी टीकाकरण में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि सीएमओ डॉ. अशोक कुमार की ओर से सभी टीम शामिल डॉक्टरों समेत अन्य को ड्यूटी को लेकर आदेश जारी कर दिए गए हैं।