नारनौल। पेयजल प्रबंधन और स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए जल चौपाल व प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया। बुधवार को गांव गुवानी में सरपंच रीना देवी की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस मौके पर खंड संसाधन संयोजक धर्मेंद्र ने कहा कि स्वच्छ जीवन के लिए सभी को स्वच्छता अभियान में सहयोग करना चाहिए। किसी एक व्यक्ति की लापरवाही डायरिया जैसी जलजनित बीमारी का कारण बन सकती है। जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। हमें अपने पेयजल कनेक्शन को सुरक्षित करते हुए नालियों से बाहर रखना चाहिए।
इसके साथ ही एचटूएस किट के माध्यम से जीवाणु परीक्षण व ओटी किट के माध्यम से क्लोरीन जांच विधि के बारे में जानकारी दी। कनिष्ठ अभियंता नरेंद्र पाल रंगा ने प्रशिक्षण में उपस्थित लोगों को जल गुणवत्ता बनाए रखने एवं जल संरक्षण के लिए प्रेरित किया। सरपंच को जल जीवन मिशन संकल्प पत्र व समिति के सदस्यों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और पेयजल से संबंधित शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर 1800 180 5678 के बारे में अवगत कराया गया।